
दिल्ली हवाई अड्डा दुनिया का नौवां सबसे व्यस्त एयरपोर्ट बना, जानिए किसे मिला शीर्ष स्थान
क्या है खबर?
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGIA) साल 2024 में दुनिया का 9वां सबसे व्यस्त हवाई अड्डा बन गया है। IGIA ने पिछले साल कुल 7.78 करोड़ से अधिक यात्रियों को संभाला है। यह 2023 में इसके 10वें स्थान से सुधार है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात में लगातार वृद्धि के कारण है। एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। आइए अन्य व्यस्त हवाई अड्डों के बारे में जानते हैं।
सूची
अटलांटा का हार्ट्सफील्ड-जैक्सन हवाई अड्डा शीर्ष पर रहा
ACI की ओर से जारी यह रैंकिंग विमान में चढ़ने और उतरने वाले कुल यात्रियों की संख्या पर आधारित है, जिसमें पारगमन यात्रियों को केवल एक बार गिना जाता है। अमेरिका में अटलांटा का हार्ट्सफील्ड-जैक्सन हवाई अड्डा 10.8 करोड़ से अधिक यात्रियों के साथ शीर्ष पर रहा है। इसी तरह दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (9.23 करोड़) दूसरे और अमेरिका में डलास/फोर्ट वर्थ हवाई अड्डा 8.78 करोड़ से अधिक यात्रियों के साथ तीसरे स्थान पर रहा है।
जानकारी
शीर्ष 10 में शामिल हैं ये अन्य हवाई अड्डे
ACI की ओर जारी सूची में टोक्यो का हनेडा हवाई अड्डा चौथे, लंदन का हीथ्रो 5वें, डेनवर छठे, इस्तांबुल 7वें, शिकागो का ओ'हारे 8वें और शंघाई का पुडोंग 10वें स्थान पर रहा है। शीर्ष 20 हवाई अड्डों में से 6 अमेरिका के शामिल हैं।
बयान
ACI ने रिपोर्ट में क्या कहा?
ACI ने रिपोर्ट में कहा, "2024 में वैश्विक यात्री यातायात एक नए उच्च स्तर पर पहुंच गया, जो 9.4 अरब यात्रियों को पार कर गया। यह 2023 की तुलना में 8.4 प्रतिशत और महामारी-पूर्व स्तर से 2.7 प्रतिशत अधिक है।" शीर्ष 20 हवाई अड्डों ने मिलकर 1.54 अरब यात्रियों को संभाला है, जो वैश्विक हवाई यातायात का 16 प्रतिशत है। विमानों की आवाजाही के मामले में दिल्ली हवाई अड्डा 4.77 लाख विमानों के साथ 15वें स्थान पर पहुंच गया है।