स्पाइसजेट की कई उड़ानें प्रभावित; यात्री परेशान, एयरपोर्ट ने मांगी माफी
हाल के दिनों में दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के यात्रियों को बडी परेशानी का सामना करना पडा है। एयरलाइन की अपनी ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण कई उडानें या तो लेट हुईं या उन्हें रद्द करना पडा। इस परेशानी को कम करने के लिए एयरपोर्ट अधिकारी अब सीधे स्पाइसजेट के साथ काम कर रहे हैं, ताकि फंसे यात्रियों को मदद मिल सके और हालात सुधारे जा सकें।
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है, वहीं स्पाइसजेट ने इस मामले पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।
स्पाइसजेट को ECLGS फंडिंग की तलाश, सरकार का समर्थन
इन परेशानियों के बावजूद अपनी सेवाओं को जारी रखने के लिए स्पाइसजेट ने बताया है कि वह सरकार समर्थित इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम (ECLGS) के तहत फंड हासिल करने की कोशिश कर रही है। यह स्कीम मुश्किल समय में एयरलाइंस को आर्थिक सहारा देती है।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू ने कहा कि सरकार स्पाइसजेट को इस मुश्किल से उबरने में पूरा समर्थन दे रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि ईंधन की बढती कीमतें भारतीय एयरलाइंस के लिए हालात और मुश्किल बना रही हैं।