दिल्ली: 17 साल के लड़के ने ऑडी कार से युवक को कुचला
दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में रात करीब 2 बजे एक 17 साल के लड़के ने ऑडी चलाते हुए एक पैदल यात्री को कथित तौर पर टक्कर मार दी। इस हादसे में 45 साल के उमा शंकर की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह लड़का अपना जन्मदिन मना रहा था। घटना के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया। उमा शंकर इस टक्कर में बच नहीं पाए।
ऑडी के मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी चपेट में तीन और गाड़ियां भी आ गईं। गनीमत रही कि इन गाड़ियों के चालकों को कोई चोट नहीं आई। पुलिस के मुताबिक, यह ऑडी उस लड़के के परिवार की नहीं है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह गाड़ी किराए पर ली गई थी या फिर किसी दोस्त की थी। उस किशोर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और लापरवाही के कारण मौत का मामला दर्ज किया गया है। चल रही जांच के हिस्से के तौर पर हादसे में शामिल सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।