केंद्रीय कर्मचारियों का फूटा गुस्सा: महंगाई भत्ते में देरी पर 16 अप्रैल को बड़ा प्रदर्शन
CCGEW से जुड़े केंद्रीय कर्मचारी 16 अप्रैल को प्रदर्शन करने वाले हैं। लंबे समय से अपने महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का इंतज़ार कर रहे ये कर्मचारी अब काफी परेशान हो चुके हैं। साल 2016 में सातवें पे कमीशन लागू होने के बाद से यह DA में सबसे लंबी देरी है। पिछली बार DA में बढ़ोतरी की घोषणा पिछले साल अक्टूबर में हुई थी, जो जुलाई के महीने के लिए थी। इसके बाद से कर्मचारियों को अगले इजाफे का बेसब्री से इंतज़ार है ताकि उन्हें थोड़ी राहत मिल सके।
DA के 60% तक बढ़ने की उम्मीद
उम्मीद है कि DA में करीब 2% की बढ़ोतरी होगी। इससे यह 58% से बढ़कर 60% तक पहुंच जाएगा। अगर ऐसा होता है तो कई परिवारों के लिए घर चलाने का बोझ थोड़ा कम हो जाएगा। इस प्रदर्शन में इनकम टैक्स, डाक सेवाओं और कृषि विभाग के साथ-साथ बॉटैनिकल सर्वे ऑफ इंडिया जैसे विभागों के कर्मचारी भी शामिल हो रहे हैं। कर्मचारियों की यह मांग है कि सरकार जल्द से जल्द इस मामले पर कोई फैसला ले, ताकि काम करने वाले कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को और इंतज़ार न करना पड़े।