LOADING...
मानसून: बंगाल की खाड़ी में मंडराया चक्रवात का खतरा, इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है (प्रतीकात्मक तस्वीर: अनस्प्लैश)

मानसून: बंगाल की खाड़ी में मंडराया चक्रवात का खतरा, इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट

Sep 09, 2024
09:29 am

क्या है खबर?

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र अब अवदाब में बदलने से चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत तटीय राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। अगले 3 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस दौरान कुछ इलाकों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही भारी बारिश को लेकर कुछ राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है।

अनुमान 

मौसम विभाग ने किया अलर्ट 

मौसम विभाग के अनुसार, यह अवदाब का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक पुरी और दीघा के बीच तटों को पार कर लेगा। इसके बाद यह अगले 2 दिन में झारखंड और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। IMD ने ओडिशा के 5 जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए राज्य में 11 सितंबर तक मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है।

भारी बारिश 

इन राज्यों में होगी अत्यधिक भारी बारिश 

ओडिशा के अलावा इस चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट और बाद के 2 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी के प्रभाव के चलते हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन हुए हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग 5 समेत 60 से अधिक सड़कें बंद हैं।