Page Loader
सलमान खान को फिर मिली धमकी, मुंबई पुलिस को संदेश भेजकर मांगी 2 करोड़ रुपये फिरौती
सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी

सलमान खान को फिर मिली धमकी, मुंबई पुलिस को संदेश भेजकर मांगी 2 करोड़ रुपये फिरौती

लेखन गजेंद्र
Oct 30, 2024
09:19 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को मिल रही धमकियों का सिलसिला नहीं रुक रहा। बुधवार को एक बार फिर किसी अंजान व्यक्ति ने मुंबई पुलिस को संदेश भेजकर सलमान को धमकी दी है। मुंबई यातायात पुलिस कंट्रोल रूम में भेजे गए संदेश में लिखा है, '2 करोड़ रुपये दो, वरना सलमान खान को जान से मार देंगे।' मुंबई पुलिस ने वर्ली पुलिस स्टेशन में संदेश भेजने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और तलाश शुरू कर दी है।

गिरफ्तार

पिछले दिनों 2 लोग हुए हैं गिरफ्तार

सलमान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पिछले दिनों 2 लोग गिरफ्तार हुए हैं। एक को झारखंड के जमशेदपुर से और दूसरे व्यक्ति को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। जमशेदपुर से 24 अक्टूबर को गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान एक सब्जी विक्रेता के तौर पर हुई है, वहीं रविवार 27 अक्टूबर को गिरफ्तार व्यक्ति बरेली का युवक है, जो 400 रुपये दिहाड़ी पर मजदूरी करता है। दोनों से मुंबई पुलिस पूछताछ कर रही है।

जांच

बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सुरक्षा बनी बड़ा मुद्दा

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) के नेता और सलमान के दोस्त बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को बाइक सवार 3 हमलावर ने बांद्रा में गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली है। इसके बाद से सलमान खान की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन गया है। सलमान को इससे पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं और घर के बाहर गोलीबारी हुई है।