मेटा वन सब्सक्रिप्शन में क्या मिलेगा? इंस्टाग्राम से मेटा AI तक जानिए फीचर्स
क्या है खबर?
सोशल मीडिया और AI इस्तेमाल करने वालों के लिए मेटा ने नई सब्सक्रिप्शन सेवा पेश की है। मेटा वन नाम के इस सेवा के जरिए इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सऐप और मेटा AI में कई अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी। इनमें प्रीमियम फीचर्स, ज्यादा AI इस्तेमाल और काम से जुड़े खास टूल शामिल हैं। मेटा के अनुसार, सेवा में 50 से ज्यादा फीचर्स होंगे, जबकि सामान्य ऐप और AI सुविधाएं पहले की तरह मुफ्त रहेंगी।
फीचर्स
इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और फेसबुक पर नए फीचर्स
मेटा वन सब्सक्रिप्शन के तहत इंस्टाग्राम प्लस में कस्टम फॉन्ट, स्टोरी नोटिफिकेशन और DM प्रीव्यू जैसे फीचर्स मिलते हैं।
व्हाट्सऐप प्लस में खास थीम, नए आइकन, स्पेशल स्टिकर और ज्यादा चैट पिन करने की सुविधा होगी। फेसबुक प्लस में कस्टम ऐप आइकन, सुपर हार्ट और दूसरे पर्सनलाइजेशन विकल्प मिलेंगे।
इसके अलावा, सब्सक्राइबर मेटा AI से ज्यादा इमेज और वीडियो बना सकेंगे। इंस्टाग्राम रेस्टाइल का भी ज्यादा इस्तेमाल किया जा सकेगा।
टूल
क्रिएटर और बिजनेस यूजर्स को खास टूल
मेटा वन के क्रिएटर और बिजनेस प्लान में बेहतर प्रोफाइल, वेरिफाइड बैज और इम्पर्सोनेशन प्रोटेक्शन जैसे कई खास फीचर्स मिलेंगे।
व्हाट्सऐप पर मेटा बिजनेस एजेंट का ज्यादा इस्तेमाल भी किया जा सकेगा। एडवांस्ड प्लान में 30 दिनों तक स्टोरी शेड्यूल करने, पोस्ट और रील्स में लिंक जोड़ने, एक्सपोर्टेबल एनालिटिक्स और बेहतर ऑडियंस इनसाइट्स जैसे टूल्स शामिल हैं।
इसके साथ अतिरिक्त लिंक्ड डिवाइस और बिजनेस ब्रॉडकास्ट क्रेडिट की सुविधा भी मिलेगी।
कीमत
79 रुपये से शुरू होगी सब्सक्रिप्शन
मेटा वन की अलग-अलग सेवाओं की कीमत 79 रुपये प्रति महीने से शुरू होगी।
व्हाट्सऐप प्लस की कीमत 79 रुपये, जबकि इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 99 रुपये प्रति महीने से शुरू होगी। कोर बंडल 549 रुपये और प्रीमियम प्लान 1,950 रुपये प्रति महीने का होगा।
क्रिएटर और बिजनेस प्लान 639 रुपये से शुरू होंगे। एडवांस्ड, एक्सपर्ट और मैक्स प्लान की कीमत क्रमशः 2,099, 6,399 और 20,990 रुपये होगी। कीमतें अकाउंट और इलाके के अनुसार बदल सकती हैं।