दिल्ली-NCR में मौसम का तांडव: पाकिस्तान से आया चक्रवाती तूफान बना वजह, IMD का रेड अलर्ट
देश
गुरुवार रात दिल्ली-NCR में तेज तूफान और धूल भरी आंधी ने दस्तक दी। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए तुरंत रेड अलर्ट जारी कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसकी वजह पाकिस्तान के मध्य भाग में बना एक साइक्लोनिक सिस्टम है, जिसने यहां के मौसम का मिजाज बदल दिया।
IMD की चेतावनी- तूफान जारी रह सकते हैं
IMD ने बताया कि पाकिस्तान से आ रही अस्थिर हवाएं यहां की नम हवा से मिलकर मौसम को अनिश्चित बना रही हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक-दो दिन तक तूफान और बिजली की चमक जारी रह सकती है। फिलहाल, लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर के अंदर ही रहें और पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे गाड़ी खड़ी करने से बचें। अच्छी बात यह है कि इन तूफानों की वजह से कई दिनों से पड़ रही कड़ी गर्मी से थोड़ी राहत मिल गई है।