Page Loader
नागपुर में हिंसा के 6 दिन बाद हटा कर्फ्यू, सरकार की दंगाइयों से वसूली की तैयारी 
नागपुर में लगाया गया कर्फ्यू हटाया गया

नागपुर में हिंसा के 6 दिन बाद हटा कर्फ्यू, सरकार की दंगाइयों से वसूली की तैयारी 

Mar 23, 2025
09:11 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के नागपुर में औरंगजेब की कब्र को लेकर उपजे विवाद के बाद भड़की हिंसा के 6 दिन बाद रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में लगाए गए कर्फ्यू को पूरी तरह हटा दिया गया है। हालांकि, संवेदनशील जगहों पर अब भी पुलिस बल तैनात है। इधर, महाराष्ट्र सरकार ने हिंसा करने वाले दंगाइयों से वसूली की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि पैसा न चुकाने वाले दंगाइयों की संपत्तियों को सीज किया जाएगा।

पृष्ठभूमि

नागपुर में क्यों भड़की थी हिंसा? 

दरअसल, 17 मार्च को औरंगजेब की कब्र ढहाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने नागपुर के महाल में विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने औरंगजेब की फोटो जलाई और हरे रंग के कपड़े घास भरकर उसे भी जलाया। इस दौरान आरोप लगे कि इस चादर पर कुरान की आयतें लिखी थीं। इसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने VHP के खिलाफ मामला दर्ज करवाया और शाम होते-होते हिंसा भड़क गई।

हिंसा

हिंसा में घायल हुए थे 40 से अधिक लोग

हिंसा के बाद उपद्रवियों ने चिटनिस पार्क और महल इलाके में कई घरों में पत्थर फेंके और क्रेन सहित 40 से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने उपद्रवियों को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इस हिंसा में 30 पुलिसर्मियों सहित 40 लोग घायल हुए थे। हिंसा के बाद प्रशासन ने कोतवाली, गणेशपेठ, तहसील, लकड़गंज, पचपावली, शांति नगर, सक्करदरा, नंदनवन, इमामबाड़ा, यशोधरा नगर और कपिल नगर में कर्फ्यू लगाया था।

कार्रवाई

पुलिस ने मामले में क्या की थी कार्रवाई?

पुलिस ने इस हिंसा के बाद CCTV फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए दंगाइयों की पहचान करते हुए कुल 112 लोगों को हिरासत में लिया था। इसके बाद उनकी उम्र की जांच कर 104 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शेष नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। पुलिस अभी भी हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। पहचान के बाद अन्य दंगाइयों को भी गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वसूली

दंगाइयों से की जाएगी नुकसान की वसूली- फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा में सार्वजनिक संपत्ति सहित बेगुनाह लोगों के हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों से की जाएगी। भुगतान न करने वाले आरोपियों की संपत्तियों को सीज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां बुलडोजर चलाने की जरूरत होगी, वहां बुलडोजर भी चलाया जाएगा। हिंसा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मार्च के दौरे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। शहर के 80 प्रतिशत इलाके हिंसा से अछूते थे और अब पूरे शहर में शांति है।

जानकारी

7 दिन में राहत योजना लागू करेगी सरकार

मुख्यमंत्री फडणवीस ने आश्वासन दिया कि हिंसा में जिनकी गाड़ियां और संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई हैं, सरकार उनकी मदद करेगी। इसके लिए अगले 7 दिन में एक राहत योजना लागू की जाएगी। इसमें सभी के नुकसान की भरपाई करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।