Page Loader
मणिपुर में हथियाबंद बदमाशों ने किया पुलिस टीम पर हमला, एक CRPF जवान शहीद
मणिपुर में पुलिस टीम पर हमला

मणिपुर में हथियाबंद बदमाशों ने किया पुलिस टीम पर हमला, एक CRPF जवान शहीद

Jul 14, 2024
02:41 pm

क्या है खबर?

मणिपुर के जिरीबाम में रविवार को अज्ञात हथियाबंद बदमाशों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला कर दिया। बदमाशों ने यह हमला घात लगाकर किया था। इसमें CRPF का एक जवान शहीद हो गया, जबकि 3 अन्य जवान घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस की अन्य टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया, लेकिन अभी तक कुछ भी हाथ नहीं लगा है।

हमला

बदमाशों ने तलाशी अभियान के दौरान किया हमला

CRPF के अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने सुबह करीब 9:40 बजे CRPF की 20वीं बटालियन और मणिपुर पुलिस की टीम को निशाना बनाया। यह घटना तब हुई जब संयुक्त सुरक्षा दल 13 जुलाई को हुई गोलीबारी की घटना से संबंधित तलाशी अभियान चलाने के लिए मोनबुंग गांव के पास पहुंचा था। उसी दौरान घात लगाकर बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इसके बाद टीम ने जवाबी कार्रवाई शुरू की, लेकिन हमलावर फरार हो गए।

शहीद

बिहार निवासी जवान हुआ शहीद

अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में CRPF का जवान अजय कुमार झा शहीद हो गया। वह बिहार का रहने वाला था। जवान के शव को उसके पैतृक गांव भेजने की तैयारी की जा रही है। इसी तरह घायल हुए 3 अन्य कर्मियों में जिरीबाम पुलिस थाने का एक उपनिरीक्षक (SI) शामिल है। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनकी हालत अभी स्थिर बनी हुई है।