शेख हसीना पेट्रापोल सीमा से लौट सकती हैं बांग्लादेश? भाजपा विधायक ने दिए संकेत
क्या है खबर?
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के आगामी दिसंबर महीने में स्वदेश लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसके तहत अवामी लीग के 4 वरिष्ठ नेता रविवार को पश्चिम बंगाल स्थित पेट्रापोल सीमा का दौरा कर भारत-बांग्लादेश क्रॉसिंग का निरीक्षण करने वाले हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक स्वपन मजूमदार ने कहा है कि हसीना इसी पेट्रापोल सीमा के रास्ते बांग्लादेश में प्रवेश कर सकती हैं और वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं है।
निरीक्षण
पेट्रापोल सीमा का निरीक्षण और अवामी लीग के नेता
रिपोर्ट के अनुसार, हसीना की वापसी के लिए स्थलीय मार्गों का जायजा लेने वाले अवामी लीग के प्रतिनिधिमंडल में सभापतिमंडल सदस्य जहांगीर कबीर नानक और मोफज्जल हुसैन चौधरी माया, संयुक्त महासचिव बहाउद्दीन नसीम और पूर्व सांसद सलाउद्दीन नसीम शामिल हैं।
पेट्रापोल के अलावा अगरतला जैसे अन्य सीमावर्ती मार्गों पर भी विचार किया जा रहा है।
हालांकि, हसीना की वापसी की कोई आधिकारिक तारीख या समयसीमा अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बयान
भाजपा विधायक ने क्या दिया बयान?
भाजपा विधायक मजूमदार ने कहा, "आप देखते रहिए। शेख हसीना इसी पेट्रापोल सीमा के माध्यम से बांग्लादेश में प्रवेश कर सकती हैं और वह दिन दूर नहीं है। जिन लोगों ने बांग्लादेश में अवैध रूप से सरकार बनाई है, उन्होंने एक लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को उखाड़ फेंकने और उसे विदेश भागने पर मजबूर करने के लिए विदेशी ताकतों से हाथ मिलाया है। शक्तिशाली देश हसीना के साथ खड़े हैं और उन्हें वापस उनके देश भेज रहे हैं।"
अत्याचार
हिंदुओं पर अत्याचार और भारत की भूमिका
बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, "किसी लोकतांत्रिक देश में यदि कानून-व्यवस्था इस हद तक चरमरा जाए कि वहां 2 समुदाय हिंदू और मुस्लिम में से एक को उत्पीड़न का सामना करना पड़े, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। बांग्लादेश, भारत का हिस्सा था और इसे भारत के पूर्ण समर्थन से आजादी मिली थी।"
उन्होंने दावा किया कि हिंदुओं पर अत्याचार होने पर भारत चुप नहीं बैठेगा और हमला भी कर सकता है।
अपील
अवामी लीग समर्थकों से अशोक कीर्तनिया की अपील
इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री अशोक कीर्तनिया ने बांग्लादेश के लोगों की रक्षा के लिए हसीना की वापसी को आवश्यक बताया और उनके अलोकतांत्रिक निष्कासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया।।
उन्होंने कहा, "मैं अवामी लीग से जुड़े लोगों से हसीना का समर्थन करने का आग्रह करूंगा। जिस दिन हसीना बांग्लादेश लौटें, आप सभी को सामूहिक रूप से बांग्लादेश आना चाहिए और लोकतंत्र की बहाली में हसीना का मार्गदर्शन कर उनकी मदद भी करनी चाहिए।"