Page Loader
बेंगलुरू: कोरोना पीड़ित इंजीनियर की पत्नी फ्लाइट और ट्रेन से पहुंची आगरा, पाई गई संक्रमित

बेंगलुरू: कोरोना पीड़ित इंजीनियर की पत्नी फ्लाइट और ट्रेन से पहुंची आगरा, पाई गई संक्रमित

Mar 14, 2020
12:08 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस को देखते हुए लोगों को ऐहतियात बरतने को कहा जा रहा है। उन लोगों से खास तौर पर सतर्क रहने की अपील की जा रही है जिनमें वायरस के लक्षण दिखे हैं या जो संक्रमित लोगों के संपर्क में आए हैं, लेकिन इन सब से बेपरवाह आगरा की एक 25 वर्षीय महिला बेंगलुरू से फ्लाइट लेकर दिल्ली आई और यहां से ट्रेन के जरिए आगरा पहुंची। जांच में महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई।

मामला

इटली में हनीमून मनाकर लौटा था दंपत्ति

दरअसल, पिछले सप्ताह गूगल के बेंगलुरू ऑफिस में काम करने वाले एक इंजीनियर में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए थे। इसके बाद उसे एकांत में रखा गया। स्वास्थ्य विभाग ने उसकी पत्नी को भी संक्रमण होने की आशंका के कारण एकांत में रखा था। यह दंपत्ति इटली में हनीमून मनाकर भारत लौटा था। एकांत में रखने के बाद इंजीनियर की पत्नी अपने परिजनों के पास आगरा आने के लिए 8 मार्च को वहां से भाग निकली।

जानकारी

महिला के संपर्क में आने वालों पर कोरोना का खतरा बढ़ा

महिला ने बेंगलुरू से दिल्ली की फ्लाइट ली और वहां से ट्रेन के जरिए अपने परिजनों के पास आगरा पहुंची। उसके वायरस से संक्रमित होने के कारण रास्तें में उसके संपर्क में आए सैंकड़ों लोगों के भी संक्रमित होने का खतरा बढ़ गया है।

मामला

परिवार ने जांच करने पहुंचे अधिकारियों का किया विरोध

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि महिला बेंगलुरू से लौटकर अपने आठ परिजनों के साथ आगरा में रह रही है। जब अधिकारी जांच के लिए वहां पहुंचे तो उनको विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद पुलिसबल को वहां पर बुलाया गया और जिलाधिकारी ने मामले में हस्तक्षेप किया, तब जाकर परिवार जांच के लिए तैयार हुआ। महिला के पिता ने स्वास्थ्य अधिकारियों को गलत जानकारी दी कि महिला बेंगलुरू चली गई है।

यात्रा

इटली से मुंबई और वहां से बेंगलुरू गया था दंपत्ति

अधिकारियों ने बताया कि महिला को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि महिला की गूगल में काम करने वाले इंजीनियर के साथ फरवरी में शादी हुई थी। हनीमून मनाने के दौरान यह दंपत्ति इटली, ग्रीस और फ्रांस भी गया था। 27 फरवरी को दोनों वापस मुंबई पहुंचे और यहां से बेंगलुरू गए थे।

मामला

8 मार्च को बेंगलुरू से निकली महिला

7 मार्च को इंजीनियर कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिसके बाद इन दोनों को एकांत में रखा गया। महिला ने अपने घर वालों को अपनी हालत बताई और उनके कहने पर 8 मार्च को आगरा के लिए रवाना हो गई। आगरा के जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने कहा, "महिला रविवार को आगरा पहुंची थी। हमने उसके परिवार को एकांत में रखा है और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।"

आगरा

रेलवे स्टेशन की सफाई जारी

आगरा में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि यह महिला फ्लाइट से दिल्ली आई थी। ऐसे में इस बात की आशंका बढ़ गई है कि उसके आसपास बैठे यात्री भी कोरोना से संक्रमित हो सकते हैं। वहीं आगरा में रेलवे प्रशासन जिला प्रशासन के साथ मिलकर स्टेशन की सफाई करने में जुटा है। यहां स्टेशन, ट्रेनों और स्टेशन परिसर की सफाई की जा रही है।