कोरोना वायरस: दुनियाभर में मृतकों की संख्या तीन लाख पार, लगभग 45 लाख संक्रमित
दुनियाभर में कोरोना वायरस (COVID-19) से मरने वाले लोगों की संख्या तीन लाख से ज्यादा हो गई है और लगभग 45 लाख लोग इसके चपेट में आ गए हैं। खबर लिखे जाने तक कोरोना वायरस संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों का आंकड़ा तीन लाख दो हजार 376 पहुंच गया था। अमेरिका इस महामारी से दुनिया का सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। यहां अब तक 14.1 लाख लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 86,000 की मौत हुई है।
अमेरिका के बाद रूस में सबसे ज्यादा संक्रमित
कोरोना वायरस से प्रभावित शीर्ष पांच देशों की बात करें तो अमेरिका के बाद रूस, यूनाइटेड किंगडम, स्पेन और इटली का नंबर आता है। रूस में महामारी के 2.52 लाख मामलों की पुष्टि हुई है, इनमें से लगभग 2,305 लोगों की मौत हो चुकी है। तुलनात्मक रूप से यहां मृतकों की संख्या कम है। कोरोना वायरस से हुई मौतों में दूसरे नंबर पर यूनाइडेट किंगडम है। यहां 33,693 लोगों की मौत हुई है और 2.34 लाख लोग संक्रमित हैं।
15 लाख से ज्यादा लोग महामारी को हराकर ठीक हुए
चौथे और पांचवे स्थान पर मौजूद स्पेन और इटली की बात करें तो यहां क्रमश: 2.29 लाख और 2.23 लाख लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। इटली में इस खतरनाक वायरस के कारण 31,368 और स्पेन में 27,321 लोगों की मौत हुई है। वहीं, कुल 15.48 लाख लोग इस महामारी को हराकर ठीक हो चुके हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 2.46 लाख अमेरिका, 1.5 लाख जर्मनी, 1.43 लाख लोग स्पेन में ठीक हुए हैं।
दुनिया के सबसे बड़े शरणार्थी कैंप में पहुंचा कोरोना वायरस
कोरोना वायरस बांग्लादेश स्थित दुनिया के सबसे बड़े शरणार्थी कैंप तक पहुंच गया है। यहां दो रोहिंग्या शरणार्थी महामारी से संक्रमित पाए गए हैं। बीबीसी के मुताबिक, संक्रमितों के संपर्क में आए 1,900 अन्य शरणार्थियों को भी आइसोलेट किया गया और इनका टेस्ट किया जाएगा। इस कैंप में 14 मार्च से लॉकडाउन जारी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है कि कैंप के पास मौजूद अस्पताल में मरीजों को इलाज मुहैया कराया जाएगा।
यह है संक्रमण फैलने की रफ्तार
पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोना वायरस 2 अप्रैल तक 10 लाख लोगों को अपनी चपेट में ले चुका था। इसके बाद अगले महज दो सप्ताह में संक्रमितो की संख्या 20 लाख को पार कर गई। संक्रमितों की संख्या 20 से 30 लाख पहुंचने में और भी कम समय लगा। 28 अप्रैल तक कुल मामले 30 लाख और 13 मई को 40 लाख हो गए। 15 मई तक यह संख्या लगभग 45 लाख हो गई।