दिल्ली में पारा 40 डिग्री पार, कूलिंग जोन और मोबाइल रिलीफ पॉइंट शुरू
दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। लोगों को इस तपिश से राहत दिलाने के लिए, प्रशासन ने शहर के कुछ इलाकों में कूलिंग जोन और मोबाइल रिलीफ पॉइंट शुरू किए हैं।
यहां ठंडा पीने का पानी, ORS के पैकेट, छायादार आराम करने की जगह और कूलिंग की सुविधा दी जा रही है। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए है जो बाहर काम करते हैं, सफर करते हैं या जिनके पास रहने को छत नहीं है।
IMD की चेतावनी- तपिश और बढ़ेगी
ये सारी व्यवस्थाएं दिल्ली के 'हीट वेव एक्शन प्लान 2026' का हिस्सा हैं। शहर में सैटेलाइट डेटा का इस्तेमाल करके उन इलाकों की पहचान की जा रही है जहां गर्मी ज्यादा खतरनाक हो सकती है। इसके अलावा, अस्पतालों को भी तैयार रहने को कहा गया है ताकि वहां कूल रूम हों और ORS के ज्यादा पैकेट रखे जा सकें।
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले दिनों में यह तपिश बनी रहेगी और तापमान 3 से 5 डिग्री और बढ़ सकता है। लेकिन उम्मीद है कि 11 से 14 मई के बीच बारिश की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे खूब पानी पिएं और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें।