पंजाब में नियमित हुए शिक्षकाें का वेतन अटका, वित्त मंत्री के घर के बाहर किया प्रदर्शन
पंजाब में रविवार को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के संगरूर स्थित घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे कई संविदा शिक्षकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ये शिक्षक इस बात से नाराज हैं कि सरकार ने करीब 12,710 शिक्षकों को नियमित करने का ऐलान तो कर दिया, लेकिन नियमित होने के बाद भी उन्हें अभी तक पूरा वेतन और दूसरे फायदे नहीं मिल रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए और पुलिस के साथ उनकी झड़पें भी हुईं।
शिक्षक 3 दिसंबर को सरकारी पैनल से मिलेंगे
पुलिस ने हिरासत में लिए गए शिक्षकों को वहां से हटा दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों और सरकार के पैनल के बीच 3 दिसंबर को एक बैठक तय हुई है, जिसमें उनकी समस्याओं पर बात की जाएगी। हालांकि, कई शिक्षकों का कहना है कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक समान वेतन के लिए आवाज उठाते रहेंगे। अभी उन्हें हर महीने सिर्फ 15,000 से 18,000 रुपये ही मिलते हैं। पुलिस ने आगे किसी भी तरह के हिंसक प्रदर्शन न करने की चेतावनी दी है।