LOADING...
रेप आरोपी को टिकट देने का विरोध पड़ा महंगा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला कार्यकर्ता को पीटा

रेप आरोपी को टिकट देने का विरोध पड़ा महंगा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला कार्यकर्ता को पीटा

Oct 11, 2020
02:49 pm

क्या है खबर?

हाथरस गैंगरेप मामले पर बवाल मचाने वाली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक रेप आरोपी को टिकट देने का विरोध करने पर अपनी ही महिला कार्यकर्ता की पिटाई कर डाली। मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया का है और जिस महिला कार्यकर्ता को पीटा गया उसका नाम तारा यादव है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और तारा ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

मामला

ये है पूरा मामला

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी कर रही कांग्रेस ने देवरिया विधानसभा सीट से मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी को टिकट दिया है। त्रिपाठी पर रेप करने का आरोप है और इन्हीं आरोपों का हवाला देते हुए पार्टी की एक बैठक में तारा ने उन्हें टिकट दिए जाने का विरोध किया। हालांकि उनके विरोध करने पर अन्य नेता और कार्यकर्ता नाराज हो गए और शारीरिक हमला करने के बाद उन्हें मंच से दूर धकेल दिया।

जानकारी

हल्की धक्का-मुक्की के बाद पुरूष कार्यकर्ताओं ने की थप्पड़बाजी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि थोड़ी धक्का-मुक्की के बाद कुछ पुरुष कार्यकर्ता तारा को थप्पड़ मारना शुरू कर देते हैं। इस बीच अन्य कार्यकर्ता उन्हें रोकने की कोशिश करते हुए नजर आ रहे हैं।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

देखें घटना का वीडियो

Advertisement

बयान

तारा बोलीं- फैसले से होगा पार्टी की छवि को नुकसान

तारा ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, "आने वाले उपचुनाव के लिए एक रेपिस्ट मुकुंद भास्कर को टिकट दिए जाने पर सवाल उठाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने मेरी पिटाई की। अब मैं प्रियंका गांधी जी के कार्रवाई करने का इंतजार कर रही हूं... एक तरफ हमारे पार्टी नेता हाथरस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए लड़ रहे हैं, दूसरी तरफ एक रेपिस्ट को टिकट दी जा रही है। ये गलत फैसला है। इससे हमारी पार्टी की छवि खराब होगी।"

बयान

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया घटना का संज्ञान

इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे घृणित बताया है। महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा शर्मा ने मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'ऐसे बीमार लोग राजनीति में आ कैसे गए? हम इसका संज्ञान लेंगे।'

घोषणा

कांग्रेस ने किया है पांच सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान

उत्तर प्रदेश में फिर से जड़ें जमाने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने राज्य की जिन सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है, उनमें से पांच पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। त्रिपाठी के अलावा बुलंदशहर से सुशील चौधरी, नौगावां सादात से डॉ कमलेश सिंह, टुंडला से स्नेह लता और घाटमपुर से कृपा शंकर को टिकट दिया गया है। इसके अलावा झारखंड की बर्मो सीट से कुमार जयमंगल को टिकट दिया गया है।

रणनीति

2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर रणनीति बना रही कांग्रेस

उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव भी होने हैं और इन्हीं को लक्ष्य बनाते हुए पार्टी अभी से अपनी रणनीति बना रही है। हाथरस गैंगरेप मामले में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की इतनी सक्रियता और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हाथरस आने को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इस मामले के जरिए वह योगी आदित्यनाथ की सरकार पर निशाना साधने के साथ-साथ गैर-जाटव दलित वोटबैंक को फिर से अपनी तरफ करना चाहती है।

Advertisement