
हिंदू देवी-देवताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी करने वाले कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी गिरफ्तार
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने गुजरात के स्टैंड अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी सहित पांच लोगों को शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं को भड़काने के मामले में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
इससे पहले शुक्रवार को फारुकी और शो के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को दबिश देकर पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
आगे पढ़ें विस्तृत खबर।
प्रकरण
हिंद रक्षक संगठन के प्रमुख ने दी थी मुनव्वर के खिलाफ शिकायत
इंदौर के तुकोगंज थानाप्रभारी कमलेश शर्मा ने बताया कि शहर के 56 दुकान क्षेत्र स्थित मोनरो कैफे में शुक्रवार को नव वर्ष पर कॉमेडी शो आयोजित किया गया था।
इसमें हिंदू रक्षक संगठन के प्रमुख और स्थानीय भाजपा विधायक मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ भी पहुंचे थे।
इस दौरान मुनव्वर ने कथित रूप से हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाया। इस पर एकलव्य ने कार्यक्रम को रुकवा दिया और पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
आरोप
मुनव्वर पर गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का है आरोप
एकलव्य सिंह और उनके समर्थकों ने टिप्पणी से नाराज होकर कार्यक्रम को रुकवा दिया और आयोजकों के समक्ष कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद कॉमेडियन आयोजकों को लेकर थाने चले गए।
इस दौरान एकलव्य ने मुनव्वर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भी आपत्तिजनकर टिप्पणी करने तथा 2002 के गोधरा हत्याकांड में मारे गए लोगों का मजाक उड़ाने का भी आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें कार्यक्रम का वीडियो
Here's the video of the brawl... pic.twitter.com/Fb9hXUHllN
— Z (@pindropviolence) January 1, 2021
बयान
'फारुकी ने हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाया'
एकलव्य ने NDTV से कहा, "इस कार्यक्रम के बारे में पता चलने पर हम भी टिकट लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। वहां पहुंचने पर हमने देखा कि वह [फारुकी] हिंदू देवी-देवताओं और गृह मंत्री का मजाक उड़ा रहे थे। जैसा उन्होंने पहले किया था।"
बयान
कॉमेडियन के बयानों की जांच की जा रही है- पुलिस
थानाप्रभारी शर्मा ने बताया कि कॉमेडियन मुनव्वर के साथ आयोजकों में शामिल एडविन एंथोनी, प्रखर व्यास, प्रियम व्यास और नलिन यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कॉमेडियन द्वारा की गई टिप्पणियों की जांच की जा रही है। इसके अलावा उनके खिलाफ सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना नववर्ष पर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम की वीडियो फुटेज की समीक्षा की जा रही है।
पृष्ठभूमि
मुनव्वर के खिलाफ पिछले साल भी दर्ज की थी शिकायत
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब मुनव्वर ने अपने विवादित बयानों के जरिए इस तरह के विवाद को जन्म दिया है। पिछले साल अप्रैल में एक हिंदूवादी कार्यकर्ता और शिवसेना के पूर्व सदस्य रमेश सोलंकी ने भी मुंबई में मुन्नवर के खिलाफ "भगवान श्रीराम और सीता माता का मजाक उड़ाने" के लिए मामला दर्ज कराया था।
उसके बाद देशभर से लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए कॉमेडियन मुनव्वर की गिरफ्तारी की आह्वान किया था।