NEET और पुलिस बर्बरता पर CJP का दिल्ली मार्च, 5 सितंबर को राजधानी में पुलिस का कड़ा पहरा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 5 सितंबर को एक विरोध मार्च निकालने की तैयारी में है। यह मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। इस विरोध का मकसद NEET परीक्षा से जुड़े मसलों और पुलिस की कथित बर्बरता को सामने लाना है। इसमें NEET परीक्षा के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिवार, कई युवा संगठन और देश के अलग-अलग हिस्सों से आए युवा शामिल होंगे।
दिल्ली पुलिस तलाश रही रामलीला मैदान का विकल्प
दिल्ली पुलिस इंडिया गेट पर इस विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं दे रही है, क्योंकि सुरक्षा और ट्रैफिक कारणों से वहां प्रदर्शनों पर रोक है। उन्होंने 25 अगस्त को एक बैठक में हालात को संभालने के तरीकों पर चर्चा की और अब रामलीला मैदान या किसी अन्य जगह पर मार्च को ले जाने पर विचार कर रहे हैं। शहर में अर्धसैनिक बल पहले से ही बुला लिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है ताकि भीड़ का अनुमान लगाया जा सके। पुलिस ने बताया है कि अगर आयोजकों की तरफ से प्रदर्शन की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी जाती है, तो वे उनसे सीधे बात करेंगे।