इंडिया गेट पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने शुरू की तैयारी
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 5 सितंबर को दिल्ली के इंडिया गेट पर विरोध-प्रदर्शन और मार्च का ऐलान किया है, जिसको लेकर दिल्ली पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, सुरक्षा और यातायात संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए पुलिस योजना बना रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस विरोध-प्रदर्शन को रामलीला मैदान या किसी और जगह स्थानांतरित करना चाह रही है, लेकिन अभी तक आयोजन को लेकर कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है।
बैठक
इंडिया गेट पर प्रवेश प्रतिबंधित करने की योजना, सोशल मीडिया पर नजर
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने CJP के प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए इंडिया गेट पर किसी को भी प्रवेश न देने की योजना बनानी शुरू कर दी है।
इसको लेकर, पुलिस संयुक्त आयुक्त (नई दिल्ली) नूपुर प्रसाद और नई दिल्ली जिला पुलिस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को लेकर बैठकें की हैं।
पुलिस की टीम सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि किन-किन राज्यों से लोग मार्च में शामिल होंगे।
तैनाती
सीमा सुरक्षा बल की तैनाती
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इंडिया गेट, संसद मार्ग-पीएचक्यू क्षेत्र और कनॉट प्लेस के आसपास तैनाती को मजबूत करने के लिए अर्धसैनिक बल की कंपनियों को पहले ही बरकरार रखा है।
फिलहाल, स्पेशल ब्रांच और अन्य टीमें विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों की संख्या का अनुमान लगाने में लगी हुई हैं।
भीड़ होने की स्थिति में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और अन्य कर्मियों को तैनात करने की योजना है।
अनुमति
अभी तक नहीं मांगी गई अनुमति
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक विभाग को किसी तरह के मार्च और विरोध-प्रदर्शन के लिए कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है।
हालांकि, पुलिस के अधिकारियों ने इंडिया गेट पर किसी प्रदर्शन को अनुमति न देने की मंशा जाहिर की है।
पुलिस पहले कह चुकी है कि इंडिया गेट के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है और जंतर-मंतर के पास विरोध-प्रदर्शन केवल पूर्व अनुमति से हो सकते हैं।
मार्च
क्यों इंडिया गेट पर प्रदर्शन करने जा रही CJP?
CJP ने सोमवार को ऐलान किया है कि वह इंडिया गेट से जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण विरोध मार्च करेगी।
उनका आरोप है कि केंद्र सरकार ने पिछले महीने जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन को समाप्त करते समय युवा प्रदर्शनकारियों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है।
CJP के 2.5 किलोमीटर लंबे मार्च में राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (NEET) के उन उम्मीदवारों के परिवार शामिल होंगे जिन्होंने आत्महत्या की और पुलिस बर्बरता के शिकार हुए।