CJP नेता सौरव दास का UK जाने से रोकने का आरोप, कहा- पासपोर्ट पर लगाया अलर्ट
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया है कि सोमवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें यूनाइटेड किंगडम (UK) जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया। PTI के अनुसार, दास ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर व्याख्यान देने जा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि रात 1 बजे की फ्लाइट पकड़ने से पहले उन्हें बताया गया कि उनके पासपोर्ट पर विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
आरोप
दास ने क्या लगाया आरोप?
दास ने एक्स पर इस कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने लिखा, 'इस कायर मोदी सरकार ने मुझे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए लंदन जाने से दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक दिया है। इस कायर सरकार ने मुझे लंदन की फ्लाइट में चढ़ने की अनुमति नहीं दी, जहां मुझे 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बात करने के लिए ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों द्वारा आमंत्रित किया गया था।'
कारण
बौद्धिक चर्चा से डरी हुई है सरकार- दास
दास ने आगे लिखा, 'भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए अपनी जी-जान लगा दी थी, लेकिन यह बौद्धिक विरोधी सरकार मेरे इन प्रतिष्ठित संस्थानों में जाने से डर गई! ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय छात्र संघ ने मुझे एक पैनल चर्चा में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था। इसलिए मैं लंदन जा रहा था, लेकिन जैसे ही मैं आव्रजन जांच के लिए काउंटर पर पहुंचा, मुझे पता चला कि मेरे पासपोर्ट पर विशेष अलर्ट जारी किया गया है।'
तंज
दास ने नीरव मोदी और विजय माल्या का नाम लेकर कसा तंज
सरकार से सवाल करते हुए दास ने लिखा, 'सरकार एक शिक्षित युवा के शिक्षित लोगों के बीच जाने और बौद्धिक चर्चा करने से इतनी डरी हुई क्यों है? काश मैं नीरव मोदी होता। काश मैं विजय माल्या होता। काश मैंने बैंकों से हजारों करोड़ रुपये लूटे होते।'
दास ने स्पष्ट किया कि यह घटना उन्हें अपना काम जारी रखने से नहीं रोक पाएगी और वे भविष्य में लंदन, पेरिस तथा अन्य स्थानों की यात्रा जरूर करेंगे।
प्रतिक्रिया
CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने क्या दी प्रतिक्रिया?
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी एक्स पर एक पोस्ट साझा कर सत्ता में बैठे लोगों पर निशाना साधा।
उन्होंने लिखा, 'सौरव को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक सम्मेलन में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन ऐसा लगता है कि सत्ता में बैठा कोई 'अनपढ़ गंवार', जिसे खुद दुनिया भर में घूमने का शौक है, सौरव को ऑक्सफोर्ड से निमंत्रण मिलने से ईर्ष्या कर रहा है।'