चीन ने टनल-बोरिंग मशीनों के निर्यात पर लगाई रोक,भारत की मेट्रो-रेल परियोजनाओं पर क्या होगा असर?
चीन ने हाल ही में टनल-बोरिंग मशीनों (TBM) पर नए निर्यात प्रतिबंधों की घोषणा की है, जो भारत के मेट्रो और हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट्स के लिए एक गहरी चिंता का विषय बन गया है।
दुनिया की लगभग 70 प्रतिशत TBM चीन ही बनाता है, ऐसे में 18 नवंबर से लागू होने जा रहे ये प्रतिबंध बड़े निर्माण कार्यों की रफतार धीमी कर सकते हैं। बीजिंग का कहना है कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है, लेकिन भारतीय नजरिए से देखें तो यह हमारी विदेशी तकनीक पर बढ़ती निर्भरता को उजागर करता है।
भारत अर्थ मूवर्स बना रहा है अपना TBM प्रोटोटाइप
इस समस्या से निपटने के लिए भारत अपने TBM बनाने पर जोर दे रहा है। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) स्वदेशी TBM निर्माण की दिशा में काम कर रहा है। कंपनी ने लगभग 6.5 मीटर व्यास का एक प्रोटोटाइप बनाना शुरू किया है, और सरकार भी इन प्रयासों को पूरा समर्थन दे रही है।
अगर यह पहल सफल होती है, तो देश में TBM का निर्माण बड़े बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्ट्स को गति दे सकता है।