तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय का बड़ा दांव, हर नवजात को मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मदुरै में एक नई योजना पेश की है। इसके तहत 22 जून की दोपहर से सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पैदा होने वाले नवजात शिशुओं को 1 ग्राम सोने की अंगूठी मुफ्त में मिलेगी। शर्त यह है कि बच्चे के माता-पिता तमिलनाडु के निवासी होने का प्रमाण दें। यह योजना केवल एक चुनावी वादा ही पूरा नहीं करती, बल्कि इसने खूब सुर्खियां भी बटोरी हैं। PTI ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें मुख्यमंत्री विजय एक बच्ची को सोने की अंगूठी भेंट करने के लिए घुटनों के बल बैठे नजर आए। इस दृश्य से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा और बढ़ गया है।
योजना के लिए सरकार ने 755.83 करोड़ और 1.28 लाख अंगूठों का किया इंतजाम
यह योजना सोमवार को शुरू की गई। इसमें 22 जून की दोपहर से सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन्मे सभी नवजात शिशुओं को शामिल किया जाएगा। इस योजना का लाभ उठाने के लिए माताओं को तमिलनाडु के निवासी होने का प्रमाण देने वाले छह दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना होगा। इस परियोजना के लिए सरकार ने 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है और 1.28 लाख सोने की अंगूठियां भी खरीद ली हैं। इस योजना की घोषणा पहले ही महिला दिवस पर की गई थी। इसका मुख्य मकसद यह है कि ज्यादा से ज्यादा परिवार प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों को प्राथमिकता दें और राज्य की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और बढ़े।