भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुपरटेक के दिवाला मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया है, क्योंकि वे इस मामले से जुड़े एक याचिकाकर्ता को व्यक्तिगत तौर पर जानते हैं।
अब इस अहम मामले की सुनवाई के लिए एक खास बेंच बनाई जाएगी। यह पूरा मामला सुपरटेक के 16 अधूरे हाउसिंग प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है, जहां लगभग 27,000 घर खरीदार अपने घरों के पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं।
सुपरटेक के घर पूरे करने की जिम्मेदारी एनबीसीसी को मिली
परेशान घर खरीदारों की मदद के लिए नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (NBCC) को इन लंबे समय से अटके पड़े घरों को पूरा करने का जिम्मा आधिकारिक तौर पर सौंपा गया।
इस साल की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट ने इस कदम का समर्थन किया था। कोर्ट ने सभी पक्षों को साफ निर्देश दिए थे कि एनबीसीसी को जल्द से जल्द काम पूरा करने दिया जाए, ताकि अपने अपार्टमेंट्स का इंतजार कर रहे लोगों के रास्ते में अब कोई और रुकावट न आए।