छत्तीसगढ़: सुकमा के सलातोंग इलाके में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, 1 नक्सली ढेर
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के सलातोंग इलाके में सोमवार सुबह से नक्सलियों और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों के बीच मुठभेड़ जारी है।
मुठभेड़ में एक नक्सली का शव बरामद हुआ है। इसके साथ ही कुछ अन्य नक्सलियों को गोली लगने की बात भी सामने आ रही है।
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि 3 जवान तलाशी अभियान में निकले थे, तभी गोलीबारी शुरू हो गई। सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मुठभेड़
सुरक्षा बलों को मिली थी नक्सलियों की होने की सूचना
किरण चव्हाण ने बताया कि किस्टाराम थाना क्षेत्र के पेसेलपाड़ और उसके आसपास के जंगल में किस्टाराम क्षेत्र समिति के नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी।
इसके बाद DRG के जवान, बस्तर फाइटर और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम को अभियान पर भेजा गया।
तभी DRG और नक्सलियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान कई नक्सली सामग्री और हथियार बरामद हुए हैं। मारे गए नक्सली की पहचान नहीं हुई है।
जांच
इस साल मारे गए 81 नक्सली
NDTV के मुताबिक, इस साल अभी तक बस्तर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में करीब 81 नक्सली मारे गए हैं।
इसी महीने 3 अप्रैल को बीजापुर के गंगालूर इलाके में 18 घंटे तक चली मुठभेड़ में 13 नक्सली ढेर हुए थे। मौके से अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए थे।
इसके बाद 16 अप्रैल को कांकेर के छोटे बेठिया थाना क्षेत्र में 29 नक्सली मारे गए थे, जिसमें 25-25 लाख रुपये के 2 इनामी नक्सली भी थे।