Page Loader
छत्तीसगढ़: कवर्धा में पिकअप वैन 20 फीट गहरे गड्‌ढे में गिरी, 15 लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में पिकअप वैन पलटने से 15 लोगों की मौत (तस्वीर: एक्स/@anshuman_sunona)

छत्तीसगढ़: कवर्धा में पिकअप वैन 20 फीट गहरे गड्‌ढे में गिरी, 15 लोगों की मौत

May 20, 2024
04:45 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा में सोमवार दोपहर एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरे गड्‌ढे में जा गिरी। इससे उसमें सवार करीब 30 लोगों में से 15 की मौत हो गई और करीब 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा शवों को मोर्चरी में रखवाया। इस हादसे की सूचना पर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दुख जताया है।

हादसा

कैसे हुआ हादसा?

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक पल्लव ने बताया कि सेमहरा गांव के 30 से अधिक लोग तेंदुपत्ता तोड़कर लौट रहे थे। उसी दौरान बाहपानी गांव के के पास चालक के नियंत्रण खो देने से पिकअप वैन 20 फीट गहरे गड्‌ढे में जा गिरी। इससे उसमें सवार 12 महिलाओं सहित 15 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार जारी है, लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

दुख

मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने लिखा, 'कबीरधाम जिले के बाहपानी गांव के पास पिकअप पलटने से 15 ग्रामीणों की मौत और 8 के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। घायलों के उपचार के जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।' इसी तरह उपमुख्मंत्री शर्मा ने भी मृतकों के परिवार के प्रति सांत्वना जताने के साथ घायलों की स्वास्थ्यलाभ की कामना की है।