LOADING...
छत्तीसगढ़ के कांकेर में 2 कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक परिवार के 6 की मौत
छत्तीसगढ़ के कांकेर में 2 कार की आमने-सामने भिड़ंत

छत्तीसगढ़ के कांकेर में 2 कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक परिवार के 6 की मौत

लेखन गजेंद्र
Apr 10, 2026
01:13 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार देर रात 2 कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हुई है। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। दोनों कार नाथिया नवागांव के पास आपस में टकराई थी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी 6 लोग एक ही परिवार के हैं, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। गंभीर रूप से घायल 3 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

हादसा

शादी से लौट रहा था परिवार, कार के परखच्चे उड़े

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारमा ब्लॉक के उदकुड़ा निवासी मुनेंद्र नेताम पुलिस कॉन्स्टेबल हैं। उनका परिवार चिवरंज में एक शादी समारोह से घर लौट रहा था। तभी उनकी कार दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कार के परखच्चे उड़ गए। नेताम के परिवार की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें उनकी पत्नी कुंती (50), दामाद शगुनदास (53), बहन मकतुला (48), भांजा वंश (7) और रिश्तेदार दीना (45) और जहुरा (50) शामिल हैं।

जांच

दूसरी कार में बैठे 3 लोग घायल

पुलिस ने बताया कि जिस कार से नेताम के परिवार की कार की टक्कर हुई है, उसमें 3 लोग सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन बताया जा रहा है कि दूसरी कार में सवार 3 लोगों की कार तेज रफ्तार में थी। वह एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, तभी सामने से आ रही कार से टकरा गई।

Advertisement