Page Loader
छत्तीसगढ़: भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार, 9 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार

छत्तीसगढ़: भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार, 9 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

लेखन गजेंद्र
Dec 22, 2023
04:58 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ में भाजपा के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। शुक्रवार को 9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने बृजमोहन अग्रवाल, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, रामविचार नेताम, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंक राम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसी के साथ अब छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 12 हो गई है। एक पद बाद में भरा जाएगा।

मंत्रिमंडल

किस जाति से कौन बना मंत्री?

मंत्रिमंडल के 12 सदस्यों में अरुण साव, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंक राम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से आते हैं। मुख्यमंत्री साय, रामविचार नेताम और केदार कश्यप अनुसूचित जनजाति (ST) से हैं, जबकि दयालदास बघेल अनुसूचित जाति (SC) से हैं। सामान्य वर्ग से विजय शर्मा और बृजमोहन अग्रवाल हैं। छ्त्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री साय और 2 उपमुख्यमंत्रियों, अरुण साव और विजय शर्मा, ने 13 दिसंबर को शपथ ली थी।

चुनाव

छत्तीसगढ़ चुनाव में भाजपा ने मारी थी बाजी

3 दिसंबर को आए नतीजों में भाजपा ने राज्य की 90 में से 54 सीटों पर जीत दर्ज की थी, वहीं कांग्रेस महज 35 सीटें जीत पाई। एक सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के खाते में गई है। कांग्रेस के लिए ये बड़ा झटका रहा क्योंकि पार्टी यहां जीत को लेकर आश्वस्त थी। छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 7 नवंबर को 20 सीटों पर और 17 नवंबर को दूसरे चरण में बाकी 70 सीटों पर मतदान हुआ था।