Page Loader
छत्तीसगढ़: बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 22 ढेर, 1 जवान शहीद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा सीमा पर नक्सलियों से मुठभेड़ (प्रतीकात्मक तस्वीर)

छत्तीसगढ़: बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 22 ढेर, 1 जवान शहीद

लेखन गजेंद्र
Mar 20, 2025
01:35 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ में बीजापुर और दंतेवाड़ा जिला सीमा पर गुरुवार सुबह नक्सलियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हो गई। गोलीबारी में 22 नक्सली मारे गए हैं। नई दुनिया के मुताबिक, गोलीबारी गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगलों में सुबह 7 बजे से हो रही है। दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। मुठभेड़ स्थल पर सुरक्षा बलों ने 22 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। गोलीबारी में बीजापुर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) का एक जवान शहीद हुआ है।

मुठभेड़

भारी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद

सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ तलाशी अभियान शुरू किया था। तभी नक्सलियों की ओर से गोलीबारी की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद इलाके से काफी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। अभी तलाशी अभियान जारी है। मुठभेड़ में कुछ अन्य नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। यह संख्या बढ़ सकती है। मौके पर माहौल तनावपूर्ण है और सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं।

अभियान

नक्सलियों का गढ़ है यह इलाका

रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त सुरक्षा बलों का दल नक्सलियों के होने की सूचना पाकर अंडरी के पहाड़ में घुसा था, जहां अचानक से गोलीबारी शुरू हो गई। बता दें, गंगालूर थाना क्षेत्र में आने वाला यह इलाका दंतेवाड़ा के बैलाडीला पहाड़ी से लगा है। यह नक्सलियों का मजबूत गढ़ कहा जाता है। जबसे पीडिया में सुरक्षा बलों का शिविर खुला, तब से यहां से नक्सली दूर हो गए। यहां मिरगान घोटुल, डोडी तुमनार, गमपुर, तामोडी, अंडरी उनके सुरक्षित इलाके हैं।