चेन्नई में खाकी शर्मसार, झूठे केस की धमकी देकर 40 लाख वसूलने वाला निरीक्षक गिरफ्तार
चेन्नई के पुलिस निरीक्षक मोहम्मद बुहारी को सोने के व्यापारी अकील कुमार उक्कम राज से कथित तौर पर करीब 40 लाख रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि बुहारी ने राज को 2022 में बसपा नेता के आर्मस्ट्रांग की हत्या के मामले में झूठा फंसाने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि बुहारी उस पुलिस टीम का हिस्सा थे, जिसने आर्मस्ट्रांग हत्याकांड में तिरुवेंगादम को मुठभेड़ में मार गिराया था।
पुलिस ने हेड कांस्टेबल समेत 2 को किया गिरफ्तार
बुहारी ने यह दावा किया था कि राज ने 2018 में जो मोबाइल नंबर बताया था, वह हत्या के मामले से जुड़ा हुआ था। इसी बात का फायदा उठाकर उसने 2 साल तक राज से पैसे की मांग की। राज ने अंतिम 5 लाख रुपये वाशरमेनपेट मेट्रो स्टेशन के पास श्रीनिवासन नाम के एक व्यक्ति को सौंपे। बाद में यह रकम वाशरमेनपेट मेट्रो स्टेशन के पास ही एक हेड कांस्टेबल को दी गई। राज की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अब उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले की जांच अभी जारी है।