चेंबूर: झगड़े के बाद बॉयफ्रेंड ने पिलाई जहरीली कोल्ड ड्रिंक, 19 वर्षीय प्रेमिका की मौत
मुंबई के चेंबूर इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 19 साल की विष्णुमाया की जान चली गई। बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद उसके बॉयफ्रेंड आशीष मगर ने उसे जहरीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी थी। पुलिस के मुताबिक, आशीष ने झगड़े के बाद मामला शांत होने पर कोल्ड ड्रिंक में जहरीली गोलियां मिलाईं और फिर विष्णुमाया को पीने के लिए दिया।
पोस्टमॉर्टम में जहर की पुष्टि, आरोपी गिरफ्तार
शुरुआत में पुलिस को यह महज एक हादसा लगा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि विष्णुमाया को जहर दिया गया था। मौत से पहले विष्णुमाया ने अपने परिवार को बताया था कि आशीष मगर द्वारा दी गई ड्रिंक पीने के तुरंत बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इस बयान के बाद आशीष मगर पर पुलिस का शक और गहरा गया। पुलिस ने आशीष को गिरफ्तार कर लिया है और वह अभी हिरासत में है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
झगड़े के बाद आशीर्ष ने ड्रिंक में जहर दिया
खबरों के अनुसार, आशीष ने विष्णुमाया को किसी दूसरे दोस्त के साथ देख लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच जोरदार बहस हुई थी। इस झगड़े के बाद आरोप है कि आशीष ने विष्णुमाया की ड्रिंक में जहर मिला दिया था। विष्णुमाया को आनन-फानन में दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।