दिल्ली में साल 2025 से झुग्गी में रहने वाले लोगों को मिलेगा पक्का घर
दिल्ली के लिए एक नई 'दिल्ली स्लम और JJ क्लस्टर पुनर्वास और पुनर्वास नीति 2026' तैयार कर ली गई है, जिसे जल्द ही लागू करने की तैयारी है। इस नीति का सबसे अहम बदलाव यह है कि अब इसमें पात्र होने की अंतिम तारीख में बदलाव किया गया है। पहले इस नीति का लाभ उन्हें ही मिलता था जो 1 जनवरी, 2015 से पहले झुग्गी में रह रहे थे, लेकिन अब यह तारीख बढ़ाकर 1 जनवरी, 2025 कर दी गई है। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद का कहना है कि इस बदलाव से राष्ट्रीय राजधानी के अधिकतर झुग्गीवासियों को अपने पक्के घर का सपना पूरा करने का मौका मिलेगा।
नए घरों के लिए परिवारों को देने होंगे 1.12 लाख से 1.41 लाख रुपये
इस नीति से करीब 20 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। इनमें वे परिवार भी शामिल होंगे जो झुग्गियों की ऊपरी मंजिलों पर रहते हैं। इन्हें घर पाने के लिए 1.12 लाख रुपये से लेकर 1.41 लाख रुपये तक चुकाने होंगे। यह योजना सबसे पहले मयूर विहार और लाजपत नगर जैसे 5 क्लस्टरों में शुरू की जाएगी। इसमें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल का इस्तेमाल होगा, जिसके तहत विस्थापित होने वाले लोगों को उनकी पुरानी जगह के करीब ही नया घर मिलेगा।