केंद्र सरकार ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया
क्या है खबर?
गृह मंत्रालय ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। मंत्रालय ने कहा कि यह समूह सीमाओं के पार हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल है, साथ ही युवाओं और छोटे-मोटे अपराधियों को आतंकवाद के लिए उकसाता है। बता दें कि हाल ही में इस नेटवर्क के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है।
बयान
मंत्रालय ने कहा- आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा SBN
मंत्रालय ने कहा, "SBN एक ऐसा संगठन है जिसका उद्देश्य भोले-भाले युवाओं और स्थानीय अपराधियों को सम्मिलित कर सीमा पार से हथियारों, विस्फोटकों व नशीले पदार्थों की तस्करी तथा आतंकवादी क्रियाकलापों के जरिए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द्र और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करना है। SBN विभिन्न डिजिटल संचार माध्यमों का उपयोग करके भड़काऊ संदेशों को प्रसारित करने और लोक व्यवस्था को भंग करने वाली हिंसक क्रियाकलापों के माध्यम से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।"
SBN
शहजाद भट्टी नेटवर्क के बारे में जानिए
भट्टी कुख्यात पाकिस्तानी गैंगस्टर है। माना जाता है कि वो फिलहाल ब्राजील या दुबई में है। उसका नाम खासतौर पर पंजाब में हमले करवाने, धमकी देने समेत कई मामलों में सामने आया है।
अगस्त में सुरक्षा एजेंसियों ने भट्टी नेटवर्क के खिलाफ 14 राज्यों में कार्रवाई की थी। तब 253 लोगों को हिरासत में लिया गया था। नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक FIR और 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।