भारतीय वायुसेना को 114 राफेल और नौसेना को मिलेंगे 6 P8I विमान, केंद्र की मंजूरी मिली
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने गुरुवार को भारतीय वायुसेना को 114 राफेल लड़ाकू विमान और नौसेना के लिए 6 P8I विमानों की खरीद को मंजूरी दे दी है। यह फैसला रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की बैठक में लिया गया है, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की थी। 114 राफेल विमानों को फ्रांसीसी कंपनी डसॉल्ट एविएशन और भारतीय एयरोस्पेस कंपनियों के साथ मिलकर बनाया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 3.25 लाख करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सौदा
फ्रांस के राष्ट्रपति के आगमन से पहले सौदा
यह भारत सरकार द्वारा हस्ताक्षरित अब तक का सबसे बड़ा रक्षा सौदा है, जिसे अगले हफ्ते भारत आ रहे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों की यात्रा से पहले मंजूरी दी गई है। DAC ने इसकी आवश्यकता स्वीकृति (AoN) प्रदान कर दी है। इससे पहले रक्षा सचिव की अध्यक्षता वाले रक्षा खरीद बोर्ड ने पिछले महीने ही राफेल अधिग्रहण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी, जिससे डसॉल्ट एविएशन के साथ औपचारिक बातचीत अंतिम चरण के करीब पहुंची थी।
सौदा
वायुसेना के पास राफेल विमानों की संख्या बढ़ेगी
इस रक्षा सौदे के बाद 114 'मेड इन इंडिया' राफेल विमान वायुसेना के बेड़े में शामिल होंगे, जिससे राफेल विमानों की संख्या 176 हो जाएगी। हालांकि, अभी इसमें वक्त लगेगा। वायुसेना पहले ही 36 राफेल विमानों को शामिल कर चुकी है, और भारतीय नौसेना ने 26 राफेल मरीन का ऑर्डर दिया है। इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का कदम 'ऑपरेशन सिंदूर' में पाकिस्तान के खिलाफ राफेल के बहुत अच्छे प्रदर्शन के तुरंत बाद उठाया गया है।