CBSE का छात्रों को तोहफा: 10वीं बोर्ड में अब 'बेस्ट ऑफ टू' सिस्टम, जानें कब होगी दूसरी परीक्षा
CBSE ने साल 2026 से शुरू होने वाले एकेडमिक ईयर के लिए 10वीं क्लास की परीक्षाओं में दो-चरणों वाला सिस्टम लागू करने का फैसला किया है। इसका मतलब यह होगा कि छात्रों को अपने अंकों को बेहतर बनाने का दूसरा मौका मिलेगा। पहले चरण की परीक्षाएं होने और उनके नतीजे आने के तुरंत बाद, 15 मई से दूसरे चरण की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
10वीं की दूसरी परीक्षा के लिए पात्रता और पंजीकरण कैसे करें
दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होने के लिए, छात्रों को पहले चरण की परीक्षा में बैठना ज़रूरी होगा। हालांकि, यदि कोई छात्र तीन या उससे अधिक विषयों की परीक्षा छोड़ता है, तो वह दूसरे चरण में शामिल नहीं हो पाएगा। छात्र अपने नंबर सुधारने के लिए अधिकतम तीन विषयों का चुनाव कर सकते हैं। इन विषयों में विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाएं शामिल हैं। पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया आपके स्कूल के जरिए ही होगी। इसके लिए छात्रों को स्कूल में फॉर्म भरना होगा, जिन विषयों में वे सुधार करना चाहते हैं, उनका चुनाव करना होगा और तय फीस जमा करनी होगी। दोनों चरणों में से, जिस चरण में छात्र के सबसे अच्छे अंक होंगे, उन्हीं अंकों को अंतिम परिणाम माना जाएगा।