CBSE ने कक्षा12 की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए शुरू किया ऑनलाइन पोर्टल, पहले दिन 40,000 आवेदन
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच और पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया है। पोर्टल खुलते ही पहले ही दिन करीब 40,000 छात्रों ने आवेदन कर दिया। इसके जरिए छात्र यह बता सकते हैं कि कहीं उनकी उत्तर पुस्तिका के पन्ने गायब तो नहीं हैं, या स्कैन धुंधले तो नहीं दिख रहे। साथ ही वे किसी खास सवाल के जवाब को दोबारा जांचने की अपील भी कर सकते हैं। जो छात्र आवेदन करना चाहते हैं, वे देर न करें क्योंकि इसके लिए 6 जून आखिरी तारीख है।
CBSE पोर्टल फीस और साइबर हमले
इस पोर्टल पर लॉगइन करने के लिए छात्रों को अपने आधार नंबर का इस्तेमाल करना होगा। फीस का भुगतान भी ऑनलाइन ही किया जा सकता है। जांच के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 100 रुपये और पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति सवाल 25 रुपये फीस ली जाएगी। पोर्टल पर आवेदन करने वालों की इतनी भीड़ थी कि इस दौरान उस पर साइबर हमले भी हुए। सिर्फ 2 मिनट के भीतर 15 लाख हिट दर्ज किए गए और एक लाख से ज्यादा बार अवैध रूप से फाइलों तक पहुंचने की कोशिश की गई। हालांकि, CBSE का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।