OSM पर भारी विरोध के बीच CBSE के अध्यक्ष और सचिव को पद से हटाया गया
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर शुरू हुए भारी विरोध के बीच बोर्ड के अध्यक्ष और सचिव का तबादला कर दिया है। CBSE के अध्यक्ष राहुल सिंह (IAS), बोर्ड के समग्र कामकाज और परीक्षा सुधारों का नेतृत्व कर रहे थे, और सचिव हिमांशु गुप्ता (IAS), प्रशासन, वित्त और संबद्धताओं की देखरेख कर रहे थे। इनकी जगह पर अभी किसी की नियुक्ति का पत्र जारी नहीं हुआ है।
जांच
OSM मामले में जांच के आदेश
मामले में विरोध को देखते हुए केंद्र सरकार ने OSM के लिए सेवाओं की खरीद से संबंधित मामलों की जांच क्षमता निर्माण आयोग (CBC) की अध्यक्ष एस राधा चौहान की अध्यक्षता में एक सदस्यीय समिति को सौंपी है। यह समिति OSM सेवाओं की खरीद की जांच करेगी और एक महीने के भीतर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को अपनी रिपोर्ट देगी। समिति के अध्यक्ष को आवश्यकतानुसार अन्य कार्यालयों के अधिकारियों की सहायता प्राप्त करने का अधिकार है।
विवाद
क्या है OSM विवाद?
CBSE ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए OSM प्रणाली शुरू की है, जिसका उद्देश्य डिजिटल मूल्यांकन और पारदर्शिता बढ़ाना है। हालांकि, परिणाम के बाद कई छात्रों ने धुंधली स्कैन कॉपी, गायब पन्ने और बेमेल उत्तर पुस्तिकाओं की शिकायत की। इसके बाद खुलासा हुआ कि OSM प्रणाली का ठेका जिस कोएम्प्ट एडुटेक कंपनी को मिला, वह कालीसूची में थी। कंपनी को परीक्षा शुरू होने से 74 दिन पहले ठेका दिया गया था। इसमें अनियमितता के आरोप लगे हैं।