CBSE 12वीं बोर्ड की कॉपी अब 8 दिन में होगी चेक, खत्म होगा इंतजार?
CBSE ने फरवरी 2026 में होने वाली 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक नया ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम शुरू करने का ऐलान किया है। पहली बार शिक्षकों को स्कैन की हुई उत्तर पुस्तिकाएं ऑनलाइन जांचनी होंगी। अब कागजों के ढेर लगाने की जरूरत नहीं होगी। इसका मकसद मूल्यांकन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करना है। पहले जहाँ इसमें 60 दिन लग जाते थे, वहीं अब क्षेत्रीय कार्यालयों को करीब नौ दिन में यह काम निपटाने को कहा गया है। मूल्यांकन का यह पूरा काम लगभग आठ दिन में ही पूरा हो जाएगा।
शिक्षकों ने ऑन-स्क्रीन मार्किंग की परेशानियां और फायदे बताए
एक तरफ जहां OSM सिस्टम से मूल्यांकन जल्दी और साफ-सुथरा होने का वादा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ शिक्षकों को इसमें परेशानियां भी आ रही हैं। उन्हें धुंधली स्कैन की हुई उत्तर पुस्तिकाएं, धीमे सर्वर और स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। जिन स्कूलों में इंटरनेट कनेक्शन कमजोर है, उन्हें भी काफी दिक्कतें आ रही हैं।
इसके बावजूद, कई शिक्षकों का मानना है कि जैसे-जैसे सभी इस नए तरीके के साथ तालमेल बिठाएंगे, चीजें बेहतर होती जाएंगी। वे इस बात की तारीफ करते हैं कि डिजिटल जांच से गलतियाँ होने की आशंका कम हो जाती है और यह भी सुनिश्चित होता है कि हर उत्तर की सही से जांच की जाए।