दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में इस रविवार को एक बार फिर हवा खराब पाई गई। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 237 दर्ज किया गया। इग्नू और उत्तम नगर जैसे कुछ इलाकों में AQI 300 से भी ऊपर, यानी बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया। इसी समस्या से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने अगले साल तक NCR में प्रदूषण को 20 प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य रखा है।
CAQM ने 15 प्रतिशत प्रदूषण घटाने की योजनाएं बनाने पर जोर दिया
CAQM सभी राज्यों और जिलों से विस्तृत एक्शन प्लान बनाने पर जोर दे रहा है। इसका मकसद प्रदूषण में कम से कम 15 प्रतिशत की कमी लाना है। इन लक्ष्यों को पूरा करने की जिम्मेदारी स्थानीय अधिकारियों की होगी। जमीनी हकीकत को देखते हुए CAQM खास उपाय सुझाएगा और लागू करवाएगा। यह हर सर्दियों में सिर्फ प्रतिक्रिया देने की बजाय, स्वच्छ हवा के लिए पहले से तैयारी करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।