गणतंत्र दिवस 2027: कनाडा के प्रधानमंत्री को भारत का न्योता, बस CEPA की मुहर का इंतजार
भारत 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के लिए कनाडा के प्रधान मंत्री मार्क कार्नी को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाने पर विचार कर रहा है, लेकिन इस न्योते के पीछे एक बड़ी शर्त है। यह निमंत्रण तभी मिलेगा जब भारत और कनाडा दिसंबर 2026 तक अपने बड़े व्यापार समझौते (CEPA) को अंतिम रूप दे देंगे। इस समझौते पर बातचीत पहले से ही चल रही है, इसके कई दौर पूरे हो चुके हैं और आगे भी जारी रहेंगे।
कनाडा के मंत्री मध्य अक्टूबर में भारत आएंगे
कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (CEPA) का मुख्य मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना है। इस समझौते से दोनों तरफ के कारोबारियों के लिए व्यापार करना काफी आसान हो जाएगा। बातचीत को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए, कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद और व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के मध्य अक्टूबर में भारत आने की उम्मीद है। वहीं, भारतीय वार्ताकार इस समझौते पर ओटावा से लगातार काम कर रहे हैं। दोनों सरकारें साल के आखिर तक इस समझौते को पूरा करने की उम्मीद कर रही हैं। दोनों देशों के नेताओं ने इस साल हुए G-7 शिखर सम्मेलन में भी इस लक्ष्य को दोहराया था।