तमिलनाडु सरकार का ऐलान, सरकारी अस्पताल में जन्मे हर बच्चे को मिलेगी सोने की अंगूठी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय 28 सितंबर, 2026 को 'थाईमामन थंगा मोथीराम थिट्टम' योजना शुरू करने वाले हैं।
इस योजना के तहत, सरकारी अस्पतालों में जन्मे नवजात बच्चों की पात्र माताओं को एक-एक ग्राम की सोने की अंगूठी मिलेगी। यह अंगूठी उन माताओं को दी जाएगी जो तमिलनाडु की स्थायी निवासी हैं और PICME और RCH के तहत रजिस्टर्ड हैं।
हर अंगूठी का अपना सीरियल नंबर होगा और उसे सुरक्षित पैक करके दिया जाएगा। योजना के पहले चरण में करीब 1.28 लाख नवजात बच्चों को इसका फायदा मिलेगा।
TVK पार्टी बांटेगी कुल 4.41 लाख अंगूठियां
यह सोने की अंगूठी सिर्फ एक तोहफा नहीं है। इसका मकसद परिवारों को सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी करवाने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा और बढ़ सके।
यह योजना सत्तारूढ़ TVK पार्टी के एक बड़े चुनावी वादे को भी पूरा करती है। पार्टी ने 4 चरणों में 4.41 लाख अंगूठियां बांटने की योजना बनाई है।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए माताओं का तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना जरूरी है और उन्हें राज्य के स्वास्थ्य सिस्टम में रजिस्टर्ड होना चाहिए। हालांकि, चेंगलपट्टु और तिरुपुर जिलों में जन्मे बच्चों को अभी इस योजना से बाहर रखा गया है, क्योंकि वहां जल्द ही उपचुनाव होने वाले हैं।