आंध्र प्रदेश में रात के अंधेरे में पलटी यात्रियों से भरी बस, 16 लोग हुए घायल
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में चिंता रेड्डी पालेम के पास गुरुवार तड़के वेलांकन्नी माता चर्च जा रहे तीर्थयात्रियों से भरी एक यात्री बस पलट गई। बस ने हाईवे की रेलिंग को टक्कर मारी, जिसके बाद यह हादसा सुबह करीब 3:10 बजे हुआ। इस हादसे में कुल 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकवर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
चालक के खून के नमूने लिए गए, लापरवाही की आशंका
बस में कुल 43 लोग सवार थे। इनमें ज्यादातर एलुरु ज़िले के गुडीपाडु गांव के तीर्थयात्री थे। इन यात्रियों के साथ 2 चालक और 2 रसोइए भी बस में मौजूद थे। पुलिस को लगता है कि यह हादसा चालक की लापरवाही की वजह से हुआ होगा। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है। चालक घायल होने के कारण उससे अभी तक पूछताछ नहीं हो पाई है। शराब पीकर गाड़ी चलाने की जांच के लिए उसके खून के सैंपल लिए गए हैं। अधिकारी घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं।