बुलेट ट्रेन का परीक्षण मई 2027 से शुरू होगा, जानिए अब कितना काम बाकी
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के मुंबई से गुजरात के अहमदाबाद तक चलने वाली बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में 50 किलोमीटर का एक हिस्सा बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। उन्होंने बताया कि सूरत और बिलिमोरा के बीच 50 किलोमीटर हिस्से पर परीक्षण संचालन अगले साल मई में शुरू हो जाएगा। अभी परियोजना का कितना काम बाकी है? आइए, जानते हैं।
तैयारी
50 किलोमीटर हिस्से में कितना काम बाकी
इस 50 किलोमीटर लंबे हिस्से पर विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है और 20 नवंबर को एलिवेटेड सेक्शन की दोनों पटरियों पर ओवरहेड विद्युत आपूर्ति चालू हो गई है।
इस हिस्से में सिग्नल से जुड़ा काम जनवरी 2027 तक पूरा हो जाएगा और इसके बाद मई में परीक्षण होगा।
सूरत-बिलिमोरा हिस्से पर 4 नदियों पर पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक स्टील ब्रिज का काम पूरा हो गया है।
इलाके में लगभग 94,000 ध्वनि बैरियर लगाए गए हैं।
निर्माण
2029 में ठाणे तक पहुंचेगी ट्रेन
रेल मंत्री ने पिछले दिनों बताया कि पूरे ट्रेन कॉरिडोर को एक साथ नहीं खोलकर चरणों में शुरू किया जाएगा।
ऐसे में 2027 तक अहमदाबाद से वापी तक का हिस्सा तैयार होने की संभावना है। महाराष्ट्र के ठाणे तक पहुंचने में बुलेट ट्रेन परियोजना को 2029 तक इंतजार करना होगा।
परियोजना के तहत अब केवल ढांचागत काम ही चल रहा है। भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है।
काम
अभी कितना काम बाकी
केंद्र सरकार ने 80 प्रतिशत से अधिक काम पूरा होने की बात कही है, जबकि सूचना के अधिकार (RTI) से मिली जानकारियों में 62.16 प्रतिशत काम पूरा होने की बात कही जा रही है।
स्तंभ करीब 465-470 किलोमीटर तक बनना था, जो 456 किलोमीटर तक बन चुका है। उन्नत ट्रैक 465 किलोमीटर में 371 किलोमीटर तक बिछ चुकी है, अब 94 किलोमीटर मुख्य उपरिगामी हिस्सा बाकी है।
बिजली के खंभे 22,000 में 12,700 बाकी है। ध्वनि बैरियर लगभग पूरा है।
स्टेशन
कितने स्टेशन तैयार हैं?
परियोजना में कुल 12 स्टेशन हैं, जिसमें गुजरात में वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद, साबरमती और महाराष्ट्र में मुंबई BKC, ठाणे, विरार, बोईसर बनने हैं।
अभी गुजरात के सभी 8 स्टेशनों का मुख्य निर्माण पूरा हो चुका है। यहां इंटीरियर, रूफिंग, यात्री सुविधा समेत फिनिशिंग चल रही है। महाराष्ट्र के 4 स्टेशन अभी निर्माणाधीन है।
नदी ब्रिज कुल 25 से अधिक बनने हैं, जिसमें 18 बन चुके हैं। करीब 4 पर्वतीय सुरंगों की खुदाई पूरी हो चुकी है।