मुंबई में बारिश जनित हादसों में 9 लोगों की मौत, एक्सप्रेसवे भी हुआ ठप
देश
भारी बारिश ने मुंबई में खूब तबाही मचाई। मानखुर्द में 3 मंजिला इमारतें गिर गईं, जिनमें 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 5 बच्चे शामिल थे। लगातार बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन हो गया, जिस वजह से इसे बंद करना पड़ा। इसके चलते फिलहाल दोनों शहरों के बीच आवाजाही थम गई है।
बाढ़ के बीच मुंबई की उड़ानें और ट्रेनें हुईं बाधित
बाढ़ की वजह से कई उड़ानें और लंबी दूरी की ट्रेनें या तो रद्द कर दी गईं या देरी से चलीं। पानी से लबालब सड़कों और गिरे हुए पेड़ों ने शहर में आवाजाही मुश्किल बना दी है। जून के आखरी हफ्ते से अब तक, पेड़ गिरने की घटनाओं में 3 और लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए, जिसके चलते कई लोग घरों में ही रहे। इस वक्त पूरा शहर जलभराव से पटी सड़कों और मानसून से मची तबाही से जूझ रहा है।