बांग्लादेश ने नागरिक लेने से किया इनकार, भारत-बांग्लादेश सीमा पर पथराव से बढ़ा तनाव
देश
मेघालय में भारत-बांग्लादेश सीमा पर हालात तनावपूर्ण हो गए। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक हिरासत में लिए गए बांग्लादेशी नागरिक को वापस भेजने का प्रयास किया, लेकिन बांग्लादेश ने उसे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों तरफ से भीड़ जमा हो गई और पत्थरबाजी शुरू हो गई, हालांकि सुरक्षा बल तुरंत हरकत में आए और हालात को शांत कर दिया। गनीमत रही कि कोई बड़ी क्षति नहीं हुई।
भारत-बांग्लादेश के अधिकारियों ने 'शून्य सहिष्णुता' का संकल्प लिया
यह घटना उस वक्त हुई, जब दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली में अपना सीमा सम्मेलन समाप्त कर रहे थे। उन्होंने तस्करी और मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों पर बातचीत की और संयुक्त गश्त बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर जानकारी साझा करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने भविष्य में सीमा पार अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने का वादा भी किया।