जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सुरक्षा बलों की गाड़ी पलटी, 5 जवान घायल
इस शनिवार को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की एक गाडी पलट गई। यह गाडी जम्मू की ओर जा रही थी, जब यह हादसा हुआ और इसमें 5 जवान घायल हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर चंबा-सेरी के पास हुआ। BSF का यह वाहन जम्मू की ओर जा रहे सुरक्षा बलों के एक बड़े काफिले का हिस्सा था। सफर के दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया।
घायल जवानों को लेकर राहत दल पहुंचा अस्पताल
हादसे की खबर मिलते ही राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचा और सभी घायलों को अस्पताल ले गया।
इस हादसे में घायल हुए जवानों की पहचान कर ली गई है। घायलों में उप-निरीक्षक घर सिंह, चालक शमीम अहमद, आरक्षी सुनील कुमार, परशुतम कुमार और चंदन यादव शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन चला रहे चालक शमीम अहमद की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। शमीम अहमद उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के रहने वाले हैं। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी जान बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं, अन्य चार घायल जवानों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।
यह हादसा यह भी बताता है कि जम्मू-कश्मीर के पहाडी इलाकों में सुरक्षा बलों के लिए ड्यूटी निभाना कितना चुनौतीपूर्ण होता है।