ब्राजीली राष्ट्रपति लूला भारत दौरे पर आएंगे, फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ AI सम्मेलन में होंगे शामिल
क्या है खबर?
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा इस महीने 4 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आएंगे। यह जानकारी गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दी। जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति लूला 18-22 फरवरी तक भारत प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे 19 और 20 फरवरी को होने वाली इंडिया AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो भी शामिल होंगे। कई अन्य राष्ट्राध्यक्षों के भी आने की संभावना है।
बातचीत
21 फरवरी को होगी द्विपक्षीय बातचीत
जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राष्ट्रपति लूला के दौरे का मुख्य दिन 21 फरवरी को शुरू होगा, जिसमें उनके साथ द्विपक्षीय बातचीत शामिल है। उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वागत करेंगी और उपराष्ट्रपति समेत कई दूसरे शीर्ष अधिकारी और मंत्री उनसे मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति लूला के साथ कई मंत्रियों और एक व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी होगा। भारत में उनके साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
सम्मेलन
भारत मंडपम में होगा AI शिखर सम्मेलन
AI शिखर सम्मेलन का आयोजन 16-20 फरवरी तक दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। यह ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक AI शिखर सम्मेलन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 फरवरी को मुख्य सत्र को संबोधित करेंगे। गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचाई, ओपनAI के सैम अल्टमैन, एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग, एंथ्रोपिक के डारियो अमोडेई, डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस, माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ और क्वालकॉम के CEO क्रिस्टियानो एमोन कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।