पंजाब: अबोहर के स्कूलों में बम की धमकी से कोहराम, बच्चों को लेने दौड़े अभिभावक
पंजाब के अबोहर में बुधवार को कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले। इन ईमेल में दावा किया गया था कि स्कूलों में बम रखे गए हैं और हमले के लिए दोपहर 1:30 बजे का वक्त तय किया गया है। इन धमकियों से पूरे इलाके के स्कूलों में हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना दी गई, स्कूल खाली कराए गए
स्कूल प्रशासन ने तुरंत कदम उठाया और पुलिस को सूचना दी। बच्चों और शिक्षकों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया और स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। इसी बीच, घबराए माता-पिता भी अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की तरफ दौड़ पड़े।
DAV स्कूल की प्रिंसिपल स्मिता शर्मा ने बताया कि उन्हें सुबह 8:51 बजे ईमेल मिला था, जिसके बाद उन्होंने फौरन पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने सभी प्रभावित स्कूलों में गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उन्हें कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल, पुलिस इस धमकी भरे ईमेल को भेजने वाले की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।