राजस्थान में पाकिस्तान सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका, कई ट्रेनें रद्द
क्या है खबर?
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बीती रात रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ। ये इलाका भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास है। धमाकी की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और ट्रैक पर बड़ा गड्ढा हो गया, जिसके चलते अनूपगढ़ और सूरतगढ़ के बीच चलने वाली कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। पटरी के नीचे लगे 2 सीमेंट ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गए। सीमा से सटा संवेदनशील इलाका होने के चलते कई जांच एजेंसियां मौके पर जुटी हैं।
घटना
धमाके से कुछ देर पहले गुजरी थी ट्रेन
यह धमाका अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 50 GB पॉइंट के पास हुआ। करीब 200 मीटर दूर तक लोगों ने धमाके की आवाज सुनी।
धमाके से करीब आधा घंटा पहले अनुपगढ़ से सूरतगढ़ जा रही एक ट्रेन यहां से गुजरी थी।
सुरक्षाकर्मियों की एक टीम रात करीब 2 बजे घटनास्थल पर पहुंची। एहतियात के तौर पर अनूपगढ़ और सूरतगढ़ के बीच ट्रेन सेवाएं सुबह 9 बजे तक निलंबित कर दी गईं।
जांच
SP बोले- जांच जारी है
खबर मिलते ही IB, CID और आतंकवाद रोधी दस्ते के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आज इस मार्ग की 6 ट्रेनें रद्द की गई हैं।
गंगानगर के SP हरिशंकर ने कहा, "सबूतों की जांच के लिए FSL टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है। घटना की सही प्रकृति का पता लगाना अभी जल्दबाजी होगी। सीमा क्षेत्र में हाल ही में बरामद 7.5 किलोग्राम RDX से इसका कोई संबंध स्थापित नहीं हुआ है। जांच जारी है।"
बरामदगी
कुछ दिन पहले बरामद हुआ था 7.5 किलोग्राम RDX
सुरक्षा एजेंसियों ने पिछले महीने पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री पकड़ी थी।
इनमें 7.750 किलोग्राम RDX, 2 पिस्टल, 4 मैगजीन और करीब 867 कारतूस थे। 5 बैटरी और 2 रिमोट भी बरामद किए गए थे।
माना गया था कि ये हथियार ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजे गए थे। जांच एजेंसियां धमाके और इस बरामदगी के संबंध की भी पड़ताल कर रही है।