Page Loader
लखनऊ: भाजपा विधायक के आवास पर युवक ने फांसी लगाकर जान दी
लखनऊ में भाजपा विधायक के आवास पर युवक ने लगाई फांसी (तस्वीर: X/@sangamprawah)

लखनऊ: भाजपा विधायक के आवास पर युवक ने फांसी लगाकर जान दी

लेखन गजेंद्र
Sep 25, 2023
12:03 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा विधायक योगेश शुक्ला के हजरतगंज स्थित दारुलशफ विधायक आवास में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक बाराबंकी के हैदरगढ़ का रहने वाला 24 वर्षीय श्रेष्ठ त्रिपाठी है। वह बक्शी का तालाब (BKT) से विधायक योगेश की मीडिया सेल का काम संभाल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

आत्महत्या

त्रिपाठी ने मरने से पहले रिश्तेदार से की थी कॉल

पुलिस ने बताया कि युवक ने रविवार रात करीब 11ः30 बजे फांसी लगाई। युवक ने मरने से पहले अपने किसी रिश्तेदार को फोन कर बताया था कि वह मरने जा रहा है। युवक के रिश्तेदार ने पुलिस कंट्रोल रूम में जानकारी दी तो पुलिस सीधे विधायक आवास पहुंची। फ्लैट संख्या 804 का दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस ने उसे तोड़ा। कमरे में युवक का शव पंखे के हुक से लटका था। पुलिसे ने उसका मोबाइल जब्त किया है।

घटना

कुछ दिन पहले भाजपा सांसद के आवास पर हुई थी हत्या

लखनऊ में भाजपा जनप्रतिनिधि के आवास पर किसी की मौत से जुड़ा यह दूसरा मामला है। इससे पहले ठाकुरगंज के बेगरिया में केंद्रीय राज्य मंत्री और मोहनलाल गंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर के आवास पर 1 सितंबर को विनय श्रीवास्तव नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विनय सांसद के बेटे विकास किशोर का दोस्त था और उन्हीं के साथ रहता था। वारदात के समय विकास किशोर मौके पर नहीं थे। हालांकि, पिस्तौल उनकी थी।

जानकारी

यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।