बिजनौर: भाजपा विधायक पर बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप, गरमाई सियासत
उत्तर प्रदेश के बिजनौर से भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह मुश्किल में घिर गए हैं। उन पर चोरी के शक में 3 लोगों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। यह मामला तब सामने आया, जब रामू कश्यप के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने आरोप लगाया कि सिंह और उनके साथियों ने रामू समेत 3 लोगों को बुरी तरह पीटा। उन्हें उल्टा लटकाया गया और बिजली के झटके भी दिए गए।
प्रदर्शनकारियों ने की कार्रवाई की मांग
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है, वहीं लोग सड़कों पर उतरकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रामू की मां ने बताया कि 7 अक्टूबर को सिंह के एक सहायक उनके बेटे को घर से ले गए थे। इसके बाद रामू को 2 दिनों तक पीटा गया। विधायक कुंवर सुशांत सिंह ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि जिन लोगों को पीटने का आरोप लगा है, वे आपस में ही लड़े थे। इस घटना के बाद से ही इलाके में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि पीड़ितों को रिहा किया जाए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो।